अंबिकापुर: सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पस्ता गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां चोरी के संदेह में एक युवक के साथ ग्रामीणों ने कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया। युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसे उसकी पत्नी के साथ अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज (32) पर गांव में लगे सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का शक जताया गया था। इसी मामले में पंचायत के नाम पर उसे पत्नी सहित पस्ता गांव बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही युवक गांव पहुंचा, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और सजा देने के नाम पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर कपड़े उतरवाकर अर्धनग्न कर दिया गया। इसके बाद सिर के कुछ बाल मुंडवाए गए और गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी गई।
पीड़ित युवक की पत्नी ने भी आरोप लगाया है कि उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद युवक के पिता शमसुद्दीन ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके बेटे पर झूठा आरोप लगाकर सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि युवक पर पहले भी गांव में चोरी के इरादे से आने का शक जताया गया था, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं, सरपंच पति विश्वनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण काफी नाराज थे और उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने घटना को बेहद गंभीर और अमानवीय बताते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है और अब पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

