उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने ही भांजे के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दे दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला ने करीब 10 दिन पहले भी सास को चाय में जहर देकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय सास बच गई थीं। बाद में दूसरी बार रोटी में जहर मिलाकर उन्हें खिला दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआत में परिवार ने बुजुर्ग महिला की मौत को सामान्य मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन बाद में संदेह होने पर मामला खुला।
मृतका के बेटे मनोज रावत ने बताया कि 5 अप्रैल को उनकी मां शांति देवी ने रोटी का स्वाद कड़वा बताया था। एक रोटी खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। उन्हें पहले स्थानीय डॉक्टर के पास और फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद जब घर में रोटी को लेकर चर्चा हुई, तो आरोपी महिला शालिनी बार-बार अपने बयान बदलती रही। बाद में घर में पन्नी में लिपटी संदिग्ध रोटी मिलने से शक और बढ़ गया। पंचायत में एक रिश्तेदार ने खुलासा किया कि शालिनी ने पहले भी कीटनाशक मंगवाया था।
कड़ी पूछताछ में शालिनी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पहले चाय में जहर मिलाया था, लेकिन सास ने वह चाय नहीं पी। इसके बाद उसने भांजे करण के कहने पर रोटी में जहर मिलाकर सास को खिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि करण कुछ समय पहले इराक से लौटा था, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। सास ने इस रिश्ते का विरोध किया था, जिसके चलते दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
मामले में पुलिस ने थाना काकोरी में शालिनी और करण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रशासन की अनुमति से शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया और विसरा सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल शालिनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार भांजे की तलाश जारी है।

