प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo Credits: X/@narendramodi)
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (West Bengal Assembly Elections) के लिए राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आज, गुरुवार (9 अप्रैल) को राज्य के तीन अलग-अलग जिलों में लगातार तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) भी आज पांच जनसभाओं के जरिए अपनी ताकत झोंकेंगी. राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है, जिसे देखते हुए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. यह भी पढ़ें: Bengal Elections 2026: ममता बनर्जी ने भवानीपुर से भरा नामांकन; प्रस्तावकों की सूची में दिखी ‘मिनी इंडिया’ की झलक (Watch Video)
पीएम मोदी का आज का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री अपने चुनावी अभियान की शुरुआत पूर्वी मेदिनीपुर जिले के औद्योगिक शहर हल्दिया से करेंगे. इसके बाद वह पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दिन की तीसरी और आखिरी रैली बीरभूम जिले के सूरी में आयोजित की जाएगी.
प्रधानमंत्री का बंगाल दौरा यहीं समाप्त नहीं हो रहा है. वह शनिवार को भी तीन रैलियां करेंगे और 11 अप्रैल को सिलीगुड़ी में रात्रि विश्राम के बाद 12 अप्रैल को वहां एक भव्य रोड शो में हिस्सा लेंगे.
अमित शाह का बंगाल दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आज रात कोलकाता पहुंच रहे हैं. हालांकि गुरुवार को उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है, लेकिन शुक्रवार और शनिवार के लिए उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है. शुक्रवार को वह पश्चिम मेदिनीपुर के देबा में रैली और खड़गपुर में रोड शो करेंगे. शनिवार को वह बांकुरा के छतना और पुरुलिया के बाघमुंडी में रैलियों को संबोधित करेंगे. यह भी पढ़ें: West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा को लेकर अमित शाह का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला, लगाया ये आरोप
ममता बनर्जी की पांच रैलियां
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी आज उत्तर 24 परगना जिले में मोर्चा संभालेंगी. वह मीनाखान, नोयापारा, पनिहाटी, बरानगर और राजारहाट-गोपालपुर में लगातार पांच रैलियों को संबोधित करने वाली हैं. गौरतलब है कि एक दिन पहले ही उन्होंने भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है.
दो चरणों में होगा मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा:
- पहला चरण (23 अप्रैल): 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग.
- दूसरा चरण (29 अप्रैल): शेष 142 सीटों पर मतदान.
- नतीजे: सभी सीटों के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

