अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच के दौरान यह सामने आया कि यह एक सोची-समझी हत्या थी, जिसकी वजह प्रेम संबंध बना। युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर अधमरी हालत में मुरूम के गड्ढे में जिंदा दबा दिया गया।
यह घटना 21 मार्च की है, जब ग्राम भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक गड्ढे में दबा शव मिला था। शव का एक हाथ और पैर बाहर नजर आ रहा था। पुलिस ने मौके पर खुदाई कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक को गंभीर चोटें देने के बाद जिंदा दफन किया गया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई।
जांच में मृतक की पहचान माना निवासी 29 वर्षीय नितेश बत्रा के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी पहले ही दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी और महिला के बीच प्रेम संबंध थे। घटना की रात युवक महिला के घर के पास मिला, जिससे विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, फिर उसे वाहन में बैठाकर अलग-अलग जगहों पर ले जाकर बुरी तरह पीटा।
बाद में युवक को बेहोश कर मुरूम खदान में ले जाया गया और जिंदा दफन कर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल वाहन, लकड़ी और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। मामले में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

