नाहन। चैत्र नवरात्र के द्वितीय नवरात्र पर महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में बावजूद बारिश और मौसम विपरीत होने के चलते श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हाजिरी भरी। महामाया बालासुंदरी के दरबार में दूसरे नवरात्र पर खराब मौसम के बावजूद छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में माथा टेका। वहीं इस दौरान श्रद्धालुओं ने 13,64,030 रुपए की राशि चढ़ावे के तौर पर माता के चरणों में अर्पित की गई। चैत्र नवरात्र का गुरुवार से शुभारंभ हो गया है। नवरात्र मेला परिसर के शिव तालाब में पहली मर्तबा भव्य ताल में संध्या आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संध्या आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान महामाया माता बालासुंदरी का परिसर व ताल तीन हजार देशी घी के दीयों से जगमगा उठा।
गौर हो कि महामाया माता बालासुंदरी के दरबार में 19 अप्रैल से दो अप्रैल तक चैत्र नवरात्र का आयोजन मंदिर न्यास त्रिलोकपुर के तत्त्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में महामाया के दर पर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ने सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। इस दौरान मेला स्थल को छह सेक्टर में बांटा गया है। वहीं मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त राजीव सांख्यान ने बताया कि मेला स्थल पर पुलिस, होमगार्ड जवानों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है। वहीं ड्रोनल व सीसीटीवी कैमरों से नवरात्र मेला में नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि मेला स्थल पर मांस-मछली व नशा का पूर्ण प्रतिबंध है। वहीं, आने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं के लिए एक हजार के करीब वाहनों की पार्किंग, दर्जनों शौचालयों का निर्माण कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया है। मेला में मेडिकल सुविधा, आपातकाल वाहन की तैनाती व बिजली और पानी की सुचारू व्यवस्था प्रदान की गई है।

