लोकतंत्र के इस पर्व में राज्य के सभी मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान करें।
West Bengal Assembly Elections 2026: कोलकाता। विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने पश्चिम बंगाल के दौरे पर पंहुचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को मतदाताओं से आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की और आश्वासन दिया कि चुनाव हिंसा और दबाव-मुक्त वातावरण में कराए जाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल के सभी मतदाताओं से अपील करता है कि आगामी चुनाव हिंसा-मुक्त और दबाव-मुक्त माहौल में होंगे। लोकतंत्र के इस पर्व में राज्य के सभी मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान करें।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें 210 सामान्य, 68 अनुसूचित जाति और 16 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की पूरी टीम पिछले दो दिनों से राज्य में मौजूद है और चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई है। आयोग ने बूथ-स्तरीय अधिकारियों के साथ भी बैठक की तथा नए मतदाताओं को प्रतीकात्मक रूप से ईपीआईसी (EPIC) कार्ड भी वितरित किए गए।
इससे पहले सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रार्थना की। मंदिर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य में हिंसा-मुक्त और दबाव-रहित चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
टीएमसी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर किया प्रदर्शन-
वहीं, मंदिर के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने काले झंडे और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया और गो बैक ज्ञानेश कुमार के नारे लगाए। यह विरोध राज्य में मतदाता सूची के *स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर पार्टी और चुनाव आयोग के बीच चल रहे विवाद के बीच हुआ। बता दें कि, राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

