रायपुर। अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसने की मुहिम के तहत रायपुर पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट एवं विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब बेचने की फिराक में घूम रहे युवक को धर दबोचा गया। आरोपी ओमप्रकाश जोशी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब जब्त की गई है जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस
महानिरीक्षक
एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के तहत रायपुर पुलिस, विशेषकर एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट और थाना प्रभारियों को अन्य राज्यों से आने वाली शराब तस्करी रोकने और शहर में अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सूचनाओं का संकलन, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इसी कड़ी में 7 अगस्त को यूनिट को सूचना मिली कि थाना विधानसभा क्षेत्र के आमासिवनी क्षेत्र में एक युवक शराब के साथ घूम रहा है और ग्राहक की तलाश में है। सूचना मिलते ही एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर रवाना हुई और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया। युवक की पहचान ओमप्रकाश जोशी, निवासी वार्ड नंबर 01 धनसुली, थाना विधानसभा, रायपुर के रूप में हुई। टीम ने आरोपी के थैले की तलाशी ली, जिसमें 40 पौवा देशी शराब मिली। जब आरोपी से शराब रखने और बिक्री के दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया और पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। अंततः पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और विधानसभा थाना में
अपराध क्रमांक
391/25 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में थाना विधानसभा के निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत, एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक रविकांत पाण्डेय, खिलेश्वर राजपूत, आरक्षक राजकुमार देवांगन, कलेश्वर कश्यप, प्रमोद बेहरा, विजय बंजारे और थाना विधानसभा से प्रधान आरक्षक जितेन्द्र भास्कर की विशेष भूमिका रही। रायपुर पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ा संदेश है कि राजधानी में किसी भी हाल में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।