जंगल में बना रखा था साइबर ठगी का कंट्रोल रूम, पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जंगल के अंदर संचालित हो रहे हाईटेक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो घने जंगल में कंट्रोल रूम बनाकर देशभर के लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे थे।
मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चरनबारी और कोठाहरिया जंगल का बताया जा रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल के अंदर कुछ युवक मोबाइल और इंटरनेट के जरिए साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से महेंद्र कुमार मंडल, कृष्णा कुमार मंडल, ईश्वर मंडल, पंकज कुमार मंडल, रंजीत कुमार मंडल और आदित्य कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और 5 बाइक भी बरामद की हैं।
फर्जी लिंक भेजकर करते थे ठगी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों के मोबाइल पर फर्जी APK फाइल और संदिग्ध लिंक भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक डाउनलोड करता, साइबर ठग उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंक खाते और निजी जानकारी चुराकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जंगल को ठिकाना बनाने का उद्देश्य पुलिस की नजरों से बचना और बिना शक के साइबर नेटवर्क संचालित करना था। आरोपी जंगल के भीतर बैठकर अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बना रहे थे।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और अब तक कितने लोग इनके शिकार बने हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज को डाउनलोड न करें और साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

