रांची: झारखंड के रांची जिले के राहे थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। टुंगरीटोला और सारनाबेड़ा गांव के बीच जारागोड़ा सतीया के पास सड़क किनारे करीब 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राहे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने मृतक की पहचान नहीं की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ जिले के अन्य थानों को भी सूचना भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है, तो उसका मिलान कर पहचान की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत दुर्घटना, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

