लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस (Photo Credit: X Formerly Twitter)
Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans, TATA Indian Premier League 2026 19th Stats And Preview Details: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) का 19वां मुकाबला कल यानी 12 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस (LSG vs GT) के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ (Lucknow) के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम (Ekana Cricket Stadium) में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा. दोनों ही टीमें अपना पिछला मैच जीतकर आ रही हैं. इस लिहाज से फैंस को एक कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है. दोनों टीमें बेहतर स्ट्रोक प्ले और शॉट्स का अच्छा नतीजा मिलने की उम्मीद कर सकती हैं, जिससे एक हाई-स्कोरिंग मैच होने की पूरी संभावना है. इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की अगुवाई ऋषभ पंत (Rishabh Pant) कर रहे हैं. जबकि, गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) के कंधों पर हैं. यह भी पढ़ें: CSK vs DC, IPL 2026 18th Match Stats And Preview: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मुकाबले के बीच आज होगा रोमांचक मुकाबला, आज के मैच में बन सकते हैं ये अनोखे रिकॉर्ड
टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मैच में गुजरात टाइटंस का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से 12 अप्रैल को होगा. लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने तीन में से दो मैच जीते हैं और गुजरात टाइटंस को 3 में से सिर्फ 1 मुकाबले में जीत मिली है. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने आखिरी दो मैच जीते हैं और वह जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी. ऐसे में चलिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं.
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस हेड टू हेड (LSG vs GT Head To Head Record)
गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं. दोनों टीमों के बीच लगभग बराबरी का मुकाबला रहा हैं. इनमें से 4 मुकाबलों में गुजरात टाइटंस को जीत मिली है, जबकि 3 मैच लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने नाम किए हैं. आईपीएल 2024 में दोनों टीमें 2 मैचों में आपस में भिड़ी थी, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने दोनों मुकाबले जीते थे. आखिरी बार गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 2023 में जीत दर्ज की थी. लखनऊ सुपर जायंट्स का गुजरात टाइटंस के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 235 रन है.
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराया था. उस मैच में आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी ने अर्धशतक लगाए थे. मिचेल मार्श अपने पिछले 2 मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं. वह फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे. दूसरी तरफ, गुजरात टाइटंस ने अपने आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराया था. उस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करके 210 रन बनाए और आखिरकार 1 रन से मैच जीता था. उस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने 70 रन की पारी खेली थी. वह अपनी फॉर्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे.
इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट (Ekana Cricket Stadium Pitch Report)
इकाना स्टेडियम की पिच का निर्माण काली मिट्टी से किया गया है. इस पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है. यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ-साथ स्पिनर्स हावी होने लगते हैं. पिछले सीजन में यहां बल्लेबाजी भी काफी अच्छी हुई थी. पहले 200+ के स्कोर बनने मुश्किल होते थे, लेकिन अब यहां खूब रन भी बनते हैं. हाउस्टेट के मुताबिक, मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 173 रन है.
लखनऊ का मौसम (Lucknow Weather Update)
एक्यूवेदर के अनुसार, 12 अप्रैल को लखनऊ का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है. बारिश की संभावना एकदम नहीं है. ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है.
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें (LSG vs GT Key Players To Watch Out)
आईपीएल के मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटंस के घातक बल्लेबाज जोस बटलर ने अपनी तीन पारियों में 38.67 की औसत और 156.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 116 रन बनाए हैं. गुजरात टाइटंस के उपकप्तान राशिद खान ने अपने पिछले मैच में तीन विकेट चटकाए थे. राशिद खान तीन मैचों में कुल पांच विकेट ले चुके हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्लेबाजी पसंद है. ऋषभ पंत ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछली पांच पारियों में 171.96 की स्ट्राइक रेट से 184 रन बनाए हैं.
कब और कहां देखें मैच?
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच यह मुकाबला 12 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा. भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर (LSG vs GT 19th T20 Match Playing Prediction)
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, और प्रिंस यादव.
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, और प्रसिद्ध कृष्णा.
नोट: लखनऊ सुपर जायंट्स क्रिकेट टीम बनाम गुजरात टाइटंस क्रिकेट टीम के इस मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.

