घटना से कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान पुलिसकर्मी नियमित रूप से श्रद्धालुओं की तलाशी और जांच करते हैं। इसी क्रम में जब सिपाही ने युवक को रोका और चेकिंग शुरू की, तो वह अचानक भड़क गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने पहले बहस की और फिर गुस्से में सिपाही को थप्पड़ जड़ दिया।
मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे हिरासत में लेकर संबंधित थाने को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस जांच में युवक की पहचान राधेश्याम के रूप में हुई है। वह जनपद बलिया के नगरा क्षेत्र के दोगोली चंद्रवार गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसका पासपोर्ट निरस्त हो गया है और वह इसी संबंध में मुख्यमंत्री से मिलने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में आया था। हालांकि, पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।

