Telangana तेलंगाना: महबूबनगर जिले के जाडचेरला कस्बे में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक युवक ने युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। बाद में भीड़ द्वारा की गई पिटाई में गंभीर रूप से घायल आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय तेजा ने शनिवार शाम जाडचेरला में 21 वर्षीय वाई. वैष्णवी पर उस समय हमला किया जब वह बस से उतरकर अपने घर जा रही थी। आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से गला काटने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। भीड़ ने उसे रस्सियों से बांधकर पत्थरों से हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वैष्णवी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, आरोपी तेजा को भी महबूबनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता की पहचान तब हुई थी जब दोनों
हैदराबाद में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि युवती ने आरोपी के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिससे वह नाराज था। हालांकि, भीड़ की पिटाई के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि वह लंबे समय से पीड़िता के साथ रिश्ते में था और उसने पैसे लेकर कथित रूप से उसे धोखा दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

