शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नगर निकाय चुनावों के बाद पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण के चुनावों में अधिकांश स्थानों पर कांग्रेस समर्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं की जीत पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों, विशेषकर ग्रामीण मतदाताओं ने जिस उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, वह देश के मजबूत लोकतंत्र का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए कार्य किया है और आज भी जनता कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और निर्णयों पर विश्वास जताती है। लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि होता है और हिमाचल प्रदेश में जनता का समर्थन कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास पार्टी के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण है और इसके लिए कांग्रेस प्रदेशवासियों की आभारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के अनेक कार्य कर रही है, जिनका सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने की मजबूत संभावना है।

