Jabalpur जबलपुर: ऑर्डनेंस फैक्ट्री में कार्यरत 57 वर्षीय चार्जमैन सेमसन मार्टिन ने कथित तौर पर अत्यधिक कार्य दबाव और तनाव के कारण फैक्ट्री परिसर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक का कार्यालय देर तक बंद रहने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, तो सेमसन फंदे से लटके मिले। मौके से उनका सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने काम के अत्यधिक दबाव और जिम्मेदारियों के कारण मानसिक तनाव का जिक्र किया। हाल ही में उन्हें सिविल मेंटेनेंस सेक्शन में जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें तकनीकी दिक्कतों और अत्यधिक कार्यभार का सामना करना पड़ रहा था। नोट में किसी व्यक्ति विशेष पर प्रताड़ना का सीधे आरोप नहीं था।
परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पत्नी ने कहा कि उन्हें जनरल फिटर के काम में अनुभव था, लेकिन ठेकेदार से जुड़े तकनीकी कार्य सौंप दिए गए, जिसमें वे दबाव में आ गए थे। उन्होंने बताया कि एक बिल में मात्र 8 रुपये के अंतर को लेकर अधिकारियों ने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया, जिससे मृतक अत्यधिक परेशान थे।
परिजन यह भी बता रहे हैं कि मार्टिन ने कई बार विभाग बदलने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। घटना से एक दिन पहले भी वे तनाव में थे, लेकिन कुछ खुलकर नहीं बता पाए। फैक्ट्री प्रशासन ने घटना को दुखद बताया और आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने कहा कि सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है।

