Durg. दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक रेंज दुर्ग ने स्वयं मैदान में उतरकर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुपेला और भिलाई नगर थाना क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील स्थानों का मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं
कर्मचारियों
को विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त जारी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस महानिरीक्षक, रेंज दुर्ग ने भिलाई एवं छावनी सब डिवीजन का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने प्वाइंट ड्यूटी, पेट्रोलिंग टीमों और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, पूर्व में अपराध प्रभावित स्थानों और अड्डेबाजी वाले इलाकोंकी पहले से मैपिंग कर सतत निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी कई स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। होली पर्व के दौरान लगभग 900 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती की गई है। इसके अलावा त्वरित प्रतिक्रिया के लिए “बाज़” विशेष क्विक रिस्पांस टीम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इन टीमों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकता अनुसार कार्यालयीन स्टाफ को भी फील्ड ड्यूटी में लगाया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। यदि कहीं भी असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश दिखाई दे तो तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को सूचना दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले में होली का पर्व शांति, सुरक्षा और सद्भाव के वातावरण में संपन्न हो तथा आम नागरिक बिना किसी भय के त्योहार का आनंद ले सकें।

