Faridabad के खेड़ी थाना क्षेत्र स्थित टीकवाली गांव के पास एक होटल में करीब 30 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नजीर के रूप में हुई है, जो इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, नजीर का पिछले करीब दो साल से ज्योति नाम की 26 वर्षीय महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों पहले से शादीशुदा बताए जा रहे हैं और उनके तीन-तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना वाली रात दोनों टीकवाली गांव के पास स्थित एक होटल में मिले थे। होटल के कमरे में बातचीत के दौरान रिश्ते को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान महिला ने नजीर से संबंध खत्म करने की बात कही और इसे आखिरी मुलाकात बताया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और झगड़े की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे महिला होटल से चली गई, जबकि नजीर कमरे में ही रुका रहा। इसी दौरान महिला की चुन्नी कमरे में रह गई। आरोप है कि नजीर ने उसी चुन्नी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी।
सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव पंखे से लटका मिला।
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से तनाव में था, लेकिन उसने परिवार को किसी परेशानी के बारे में कुछ नहीं बताया था। उन्होंने मामले में संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस होटल स्टाफ और संबंधित महिला से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

