उज्जैन में सनसनी: श्मशान घाट से शव उठाकर ले गई पुलिस, पिता और भाई गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवा दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दौरान मृतक के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला उज्जैन के जयसिंहपुरा इलाके का है। यहां रहने वाले संजू नामक युवक का अपने पिता कैलाश से अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शराब के नशे में फिर विवाद हुआ, जिसके बाद पिता ने गुस्से में बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया।
अगले दिन युवक की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार उसे अस्पताल लेकर निकला, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।
इसी बीच महाकाल थाना पुलिस को मामले की सूचना मिली। पुलिस तुरंत श्मशान घाट पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने हत्या और सबूत छिपाने के आरोप में मृतक के पिता कैलाश और परिवार के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के बड़े भाई के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने अपनी मां के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया था, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि उस पर हमला कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

