Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले के करही चौकी अंतर्गत ग्राम खैरा में मंगलवार दोपहर खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास एयरगन से फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक छात्रा के पैर में गोली का छर्रा लग गया। घायल छात्रा को तुरंत जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया और डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। दोपहर लगभग 3:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल के पास गुपचुप ठेले पर खाने गई थीं। बताया गया कि ठेले पर पहले से अधिक बुकिंग होने के कारण गुपचुप समाप्त हो गया था। इसी बात को लेकर वहां मौजूद एक व्यक्ति और छात्राओं के बीच विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एयरगन से फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान निकली गोली का छर्रा पास खड़ी एक छात्रा के पैर में जा लगा। गोली चलने की आवाज से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राएं व शिक्षक घबरा गए। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। घायल छात्रा को तुरंत स्कूल स्टाफ और शिक्षकों की मदद से जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने एक्स-रे के बाद पैर में फंसे छर्रे को सफलतापूर्वक निकाल दिया। चिकित्सकों ने बताया कि छात्रा की हालत स्थिर है और उसे खतरे से बाहर रखा गया है। पीड़िता ने बताया कि वह और उसकी सहेलियां गुपचुप खाने गई थीं। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा।
गुपचुप विक्रेता से पैक करने के लिए कहा। जब ठेले वाले ने गुपचुप खत्म होने की बात कही, तो आरोपी गुस्से में चला गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और छात्राओं की ओर फायर कर दिया, जिससे उसकी सहेली अंजलि के पैर में गोली लगी। आरोपी इसके बाद स्कूल की बाउंड्री फांदकर भाग गया। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरलीधर ध्रुव (25 वर्ष) और देवनाथ जायसवाल (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक एयरगन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी पहलुओं का पता लगाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

