NEET Students Punjab: नई दिल्ली: NEET परीक्षा को लेकर छात्रों की परेशानियों के बीच पंजाब सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने घोषणा की है कि NEET परीक्षा देने वाले छात्रों को 20, 21 और 22 जून तक पंजाब रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। छात्र सिर्फ अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बिना टिकट सफर कर सकेंगे।
यह फैसला आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल (Arvind Kejriwal) द्वारा छात्रों से बातचीत के बाद लिया गया। केजरीवाल ने हाल ही में छात्रों के संदेश और परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा था कि कई गरीब परिवारों के बच्चे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराया जुटाने में भी मुश्किल महसूस कर रहे हैं।
पंजाब दौरे के दौरान केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस मुद्दे पर चर्चा की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने छात्रों को राहत देने के लिए यह विशेष सुविधा शुरू करने का फैसला किया। सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार छात्रों की शिक्षा और भविष्य को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए।

