PM Modi: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को गुजरात के सूरत और केंद्र शासित प्रदेश दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, उद्योग, हवाई संपर्क और पर्यटन से जुड़ी 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सूरत में प्रधानमंत्री करीब 18,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
वे हजीरा में औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान वडोदरा-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और 7 का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा एनएच-56 के चौड़ीकरण की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे आदिवासी क्षेत्रों और स्टेचू ऑफ़ यूनिटी तक पहुंच आसान होगी।
प्रधानमंत्री सूरत में 200 बेड वाले आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही बिजली वितरण, ट्रांसमिशन नेटवर्क, दहेज पीसीपीआईआर और जंबूसर बल्क ड्रग पार्क जैसी परियोजनाओं को भी गति मिलेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचकर ‘नमो’ हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और ‘नमो’ अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। यहां करीब 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और निफ्ट कैंपस जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री लक्षद्वीप में 885 करोड़ रुपये की चार प्रमुख बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से पर्यटन, मत्स्य पालन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह दौरा क्षेत्रीय विकास और बुनियादी ढांचे को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

