Delhi दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘किसान तक भारत कृषि सम्मेलन 2026’ में कहा कि कुछ लोग सोचते हैं कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। सम्मेलन में उन्होंने खेती-किसानी, ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी में कमी और कृषि क्षेत्र की विकास दर पर भी अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री ने खेती को भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि विकसित खेती के बिना विकसित देश की कल्पना नहीं की जा सकती। किसानों से केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर नहीं रहने की बात कहते हुए उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आए बदलाव का भी उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि सोलर पावर क्रांति ने देश के अन्नदाता को ऊर्जादाता बना दिया है। www.aajtak.in
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि भारत में महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उनके अनुसार, अध्ययन में ग्रामीण इलाकों में गरीबी तेजी से घटने की बात भी बताई गई है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छोटे किसान और खेतिहर मजदूर गरीबी से बाहर निकलने में सफल रहे हैं।
कृषि क्षेत्र की प्रगति पर मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की कृषि विकास दर चार प्रतिशत से ऊपर रही है। उन्होंने इसे आजादी के बाद पहला ऐसा दशक बताया, जिसमें कृषि क्षेत्र ने चार प्रतिशत से अधिक की औसत विकास दर हासिल की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए। समाचार कवरेज पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि एजेंडे और दांव-पेच में उलझे लोग देश की इस उपलब्धि को देख नहीं पाते। सम्मेलन में उन्होंने आयोजन के प्रयास के लिए इंडिया टुडे ग्रुप का अभिनंदन किया और सभी को छठ की शुभकामनाएं दीं।

