मृतका की पहचान संदीप कौर निवासी नौशहरा पन्नुआ के रूप में हुई है, जबकि हमलावर छात्र की पहचान प्रिंस राज निवासी गांव मलियां के रूप में हुई है. घटना के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रिंस राज क्लासरूम में दाखिल होता है और वहां बैठी संदीप कौर के सिर में बेहद करीब से गोली मार देता है. इसके तुरंत बाद वह दोबारा पिस्टल लोड करता है और अपने सिर में गोली मारकर वहीं गिर पड़ता है. गोलीबारी इतनी सटीक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
DSP जगबीर सिंह ने बताया कि जैसे ही क्लास शुरू हुई, यह घटना घटी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि एक छात्र कॉलेज के अंदर पिस्तौल लेकर कैसे दाखिल हो गया? क्या गेट पर कोई चेकिंग नहीं हुई थी? फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रिंस राज ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? क्या यह मामला एकतरफा प्यार का था या आपसी रंजिश का, पुलिस परिजनों और अन्य सहपाठियों से पूछताछ कर रही है.

