Prayagraj प्रयागराज: चल रहे विश्व प्रसिद्ध माघ मेले के दौरान शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर-5 में स्थित श्री किशोरी शिविर में अचानक आग लग गई, जिससे शिविर का एक तंबू पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की लपटें उठते देख मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक तंबू के पिछले हिस्से से उठी और देखते ही देखते पूरे तंबू को अपनी चपेट में ले लिया। तंबू में रखे बिस्तर, कपड़े और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय तंबू के अंदर कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

