Dhamtari. धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पेटी देशी प्लेन शराब (96 पौवा) और एक जायलो कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख 27 हजार 680 रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब पिलाने वालों और शराब पीने के लिए संसाधन उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई कर नियंत्रण किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सीएसपी धमतरी के नेतृत्व में थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमतरा मोड़ एनएच-30 ओवरब्रिज के नीचे एक जायलो कार में अवैध शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर एक व्यक्ति महिंद्रा कंपनी की जायलो कार क्रमांक CG-06-L-0282 के पास खड़ा मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपना नाम खिलानंद उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष) पिता ईश्वर साहू, निवासी धौराभांठा थाना अर्जुनी जिला धमतरी बताया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर खाकी रंग के दो कार्टून मिले। जांच करने पर दोनों कार्टून में 180-180 एमएल की शीशी में भरी हुई देशी प्लेन शराब के कुल 96 पौवा पाए गए। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 17.280 लीटर है, जिसकी कीमत करीब 7,680 रुपये आंकी गई। जब आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 96 पौवा देशी प्लेन शराब और एक पुरानी जायलो कार (कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये) जब्त कर ली। जब्त सामान की कुल कीमत 2,27,680 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का यह कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है। इस आधार पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी खिलानंद उर्फ गोलू साहू को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

