राजन्ना सिरसिला: तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला में एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा गजासिंगारम गांव के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे लोगों को स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने देखा तो तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.
घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि बस स्टॉप के पास कई लोग सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने वहां खड़े यात्रियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई.
हादसे में 35 साल की लक्ष्मी नाम की महिला की मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस हादसे में राजिता नाम की महिला और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ-साथ घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे को लेकर पुलिस जांच कर रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से परेशानी की वजह बनी हुई है. कई बार प्रशासन से स्पीड कंट्रोल के लिए कदम उठाने की मांग की जा चुकी है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Horrific, a speeding Scorpio car rammed into passengers waiting for a bus at Gajasingaram bus stop, near Raja Rajeshwar Rao Colony, in #Gambhiraopet mandal, in Rajanna #Sircilla district.
A woman, identified as Lakshmi (35), died on the spot, while… pic.twitter.com/zXUB5v3GNR
— Surya Reddy (@jsuryareddy) May 14, 2026

