IMD Digital Weather System India
IMD Digital Weather System India: नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), पुणे ने मौसम पूर्वानुमान को अधिक सटीक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए स्वदेशी ‘डिजिटल सरफेस मेटेरोलॉजिकल ऑब्जर्वेशन सिस्टम’ विकसित किया है। इस उन्नत तकनीक का उद्घाटन विश्व मौसम विज्ञान दिवस के अवसर पर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इसे अगले दो से तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से देशभर के मौसम केंद्रों पर लागू किया जाएगा।
IMD Digital Weather System India:यह प्रणाली पूरी तरह स्वदेशी है और इसमें वाई-फाई आधारित डिजिटल सेंसर लगाए गए हैं, जो तापमान, आर्द्रता, वायुदाब, हवा की गति और दिशा तथा वर्षा जैसे प्रमुख आंकड़ों को मापते हैं। इसकी खासियत यह है कि डेटा रियल-टाइम में जियो-टैग के साथ भेजा जाता है, जिससे त्वरित और सटीक विश्लेषण संभव हो पाता है।
IMD Digital Weather System India:यह नई तकनीक पारंपरिक पारे (मरकरी) आधारित उपकरणों की जगह लेगी, जो पर्यावरण के लिए हानिकारक होने के साथ सीमित क्षमता वाले थे। साथ ही, इसमें ऑटोमेटेड क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम दिया गया है, जो गलत डेटा को स्वतः छांट देता है। रिमोट मॉनिटरिंग और ऑनलाइन डैशबोर्ड के जरिए वैज्ञानिक दूर से ही निगरानी कर सकेंगे, जिससे आपदाओं की समय रहते सटीक चेतावनी देना आसान होगा।

