Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी क्षेत्र में स्थित आबकारी भवन में शनिवार शाम विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना सामने आई। यह घटना 7 फरवरी 2026 को शाम करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आग छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के कार्यालय के तृतीय तल पर स्थित एक कक्ष में लगी, जिससे कार्यालय में रखा कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार के महत्वपूर्ण दस्तावेज को नुकसान नहीं पहुंचा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अवलोकन के दौरान यह पाया गया कि कार्यालय में रखी सभी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज लोहे की अलमारियों में सुरक्षित रूप से बंद थे, जिसके चलते वे आग की चपेट में नहीं आए। घटना के समय आबकारी भवन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तृतीय तल के एक कक्ष से जलने जैसी गंध महसूस की। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए गार्ड ने तत्काल अन्य स्टाफ को सूचना दी और उन्हें मौके पर बुलाया। इसके बाद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए भवन में उपलब्ध अग्निरोधक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया।

