इस कार्रवाई से दिल्ली सरकार का राजस्व नुकसान रोकने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश साफ है।
CM Rekha Gupta : नई दिल्ली। दिल्ली में अवैध रूप से शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट्स के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर आबकारी विभाग ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें 24 रेस्टोरेंट्स को बिना लाइसेंस के शराब परोसते पाया गया। इन रेस्टोरेंट्स के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, और उनके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस कार्रवाई से दिल्ली सरकार का राजस्व नुकसान रोकने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश साफ है।
आबकारी विभाग ने जनवरी से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के पश्चिम और उत्तर-पश्चिम इलाकों सहित विभिन्न क्षेत्रों में 40 छापेमारी की। इनमें से 24 रेस्टोरेंट्स में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इनके पास केवल खाना परोसने का लाइसेंस था, लेकिन ये अवैध रूप से शराब परोस रहे थे। छापेमारी में बरामद शराब को जब्त कर लिया गया, और अब इन रेस्टोरेंट्स पर सरकारी ताले लगाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध शराब की तस्करी और बिना लाइसेंस के शराब परोसने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अप्रैल 2025 में आबकारी विभाग के साथ एक समीक्षा बैठक के बाद इस अभियान को तेज करने के निर्देश दिए थे। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अवैध शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई होगी। हमारी सरकार पारदर्शी और प्रभावी आबकारी नीति के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व को कोई नुकसान नहीं होने देंगे।”

