भराड़ी। घुमारवीं क्षेत्र में सोमवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। दोपहर के समय आसमान में घनघोर काले बादल छा गए और कुछ ही देर में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। बादलों की तेज गडग़ड़ाहट और बिजली की चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे मौसम कूल-कूल हो गया। बताते चलें कि घुमारवीं क्षेत्र में रविवार को भी जमकर बारिश हुई थी। वहीं सोमवार को एक बार फिर आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज बारिश हुई। बादल लगातार छाए रहने और बारिश होने के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे कुछ समय के लिए मौसम काफी डरावना बना रहा। तेज गर्जना और बिजली चमकने से लोगों में दहशत का माहौल भी बना रहा। बाजारों और सडक़ों पर आवाजाही कम हो गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
इस दौरान चली तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में फॉल्ट आ गया, जिससे घुमारवीं और आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश और ओलावृष्टि के कारण जहां मौसम सुहावना हो गया। वहीं बारिश के साथ चली तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। उधर, भराड़ी। रविवार से बिगड़े मौसम ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है तथा लोगों को आग सेकने को मजबूर कर दिया है। रविवार और सोमवार की हुई बारिश ने फिर पहनावा दिए। उपतहसील भराड़ी में लोगों द्वारा दोबारा आग जलाकर ठंड से बचने की व्यवस्था की। स्थानीय व्यापारियों द्वारा भी अपनी-अपनी दुकानों और समूहों में बैठकर आग जलाकर ठंड से बचाव करते हुए पाया गया। फसल को तो संजीवनी मिली ही है।

