GOA गोवा: वेरना इलाके में स्थित एक पीजी फ्लैट से बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS Pilani) के एक छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वेरना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि, अभी तक नोट की सामग्री का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस ने फिलहाल मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस छात्र के दोस्तों, सहपाठियों और पीजी संचालक से पूछताछ कर रही है। कुछ सूत्रों के अनुसार यह कथित तौर पर संस्थान से जुड़ी सातवीं ऐसी घटना बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं संस्थान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

