Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 80 नग प्रतिबंधित टेबलेट, बिक्री की रकम और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 52,240 रुपये बताई जा रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों, नशीली टेबलेट, सिरप तथा सूखे नशे की खरीदी-बिक्री और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
साथ ही ऐसे मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसी क्रम में 3 फरवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना सिविल लाइन क्षेत्रांतर्गत न्यू शांति नगर स्थित मणिकर्णिका मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट अपने पास रखकर बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को चिन्हांकित कर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दुर्गेश महानंद उर्फ फुला और शनि टंडन उर्फ हनी बताया।
पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम बरामद की गई। जब आरोपियों से टेबलेट रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 80 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम, बिक्री की नगद रकम तथा प्रकरण से संबंधित 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की सप्लाई कहां से की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश महानंद उर्फ फुला (30 वर्ष), निवासी गांधी नगर, थाना सिविल लाइन रायपुर तथा शनि टंडन उर्फ हनी (22 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, पुरैना तालाब पार, थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

