BHAVYA: नई दिल्ली: देश में मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत 100 औद्योगिक पार्क विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि पहले चरण में 50 औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनके लिए राज्यों से अगले चार महीनों में आवेदन मांगे गए हैं।
केंद्र सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना पर 33,660 करोड़ रुपये खर्च करेगी। योजना का उद्देश्य देशभर में विश्वस्तरीय औद्योगिक बुनियादी ढांचा तैयार करना और विनिर्माण क्षमता को मजबूत बनाना है। इन पार्कों में प्लग-एंड-प्ले सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उद्योगों को सीधे उत्पादन शुरू करने में आसानी होगी। सरकार के अनुसार, राज्यों को पार्क निर्माण के लिए 100 से 1000 एकड़ तक भूमि उपलब्ध करानी होगी। इसके बदले केंद्र प्रति एकड़ एक करोड़ रुपये तक की सहायता देगा। पहाड़ी और छोटे राज्यों के लिए न्यूनतम 25 एकड़ भूमि की शर्त रखी गई है।
योजना के तहत राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। बेहतर बिजली, पानी और आधारभूत सुविधाएं देने वाले राज्यों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों ने योजना में रुचि दिखाई है। सरकार का मानना है कि इस योजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

