बैंकाक/मुंबई: Thailand में छुट्टियां मना रहे एक कपल के साथ एक बेहद डरावनी घटना हुई। Krabi के एक रिसॉर्ट में तड़के करीब 5 बजे उनके कमरे में एक जहरीला Cobra घुस आया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब पर्यटक गहरी नींद में था, तब काला कोबरा उसके बिस्तर पर चढ़कर उसकी गर्दन के ऊपर से रेंगते हुए निकल गया।
इस घटना की जानकारी फेसबुक यूजर Kannuttakorn Uttaranakron के एक पोस्ट के जरिए सामने आई। पोस्ट के मुताबिक, जोड़े की नींद तब खुली जब एक साथी ने घबराकर कमरे में सांप होने की बात कही। पहले तो इसे भ्रम समझा गया, लेकिन लाइट जलाने पर असलियत देखकर दोनों के होश उड़ गए।
पीड़ित ने बताया कि सोते समय उसे अपनी गर्दन पर कुछ ठंडा और सरकता हुआ महसूस हुआ था, जो बाद में एक बड़े काले कोबरा के रूप में सामने आया। राहत की बात यह रही कि इतने खतरनाक हालात के बावजूद सांप ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और दोनों सुरक्षित बच गए, हालांकि इस घटना से वे मानसिक रूप से काफी डर गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो के बाद पर्यटकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर जंगल या प्राकृतिक इलाकों के पास बने होटलों में वन्यजीवों की एंट्री रोकने के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने ऐसे होटलों में नियमित जांच और कमरों को पूरी तरह सुरक्षित करने की मांग की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि Thailand जैसे देशों में, जहां प्राकृतिक वातावरण काफी करीब होता है, वहां इस तरह के खतरे बने रहते हैं। प्रशासन ने भी होटलों को सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

