मुजफ्फरनगर –उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवक अक्षय की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना शाहदरा बांगर गांव की है, जहां आरोपी युवक की विवाहिता प्रेमिका के परिजन थे। मृतक युवक पर पहले धारदार हथियारों से हमला किया गया और बाद में गोली मारकर उसकी जान ले ली गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक का परिवार इस घटना से स्तब्ध है और उन्हें न्याय की मांग है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की विवाहिता प्रेमिका ने कुछ महीनों पहले जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रेम संबंध के कारण युवक और महिला के परिवार में विवाद चल रहा था। सोमवार रात आरोपी मनोज, उसके बेटे युवांक और भतीजे वरध ने युवक को रास्ते में घेर लिया। पहले धारदार हथियारों से हमला किया और जब युवक भागने का प्रयास किया तो गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि हत्या प्रेम-प्रसंग और परिवारिक विवाद के कारण की गई। एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई ने कहा कि उसके हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं।

