अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नसीराबाद की महेश विहार कॉलोनी में करीब 9 से 10 बदमाश खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर एक घर में घुस गए। आरोपियों ने परिवार को धमकाकर तलाशी लेने का नाटक किया और लॉकर में रखे करीब तीन करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वारदात के महज तीन घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे नसीराबाद की महेश विहार कॉलोनी में रहने वाले कार्तिक माहेश्वरी के घर के बाहर काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन से करीब 9 से 10 लोग उतरे। सभी ने प्रशासनिक अधिकारियों जैसा हुलिया बना रखा था। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया और तलाशी लेने की बात कही।
आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को धमकाकर एक स्थान पर बैठा दिया। इसके बाद घर की तलाशी लेने का नाटक शुरू किया। इसी दौरान आरोपी लॉकर तक पहुंच गए और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर एक बैग में भर लिए। आभूषणों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अजमेर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीमों को भी जांच में लगाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी पीड़ित परिवार का पुराना परिचित था। पुलिस के मुताबिक, देवेन्द्र नामक आरोपी वर्ष 2016 से 2021 तक कार्तिक माहेश्वरी के घर में काम कर चुका था। उसे घर की बनावट और वहां रखे कीमती सामान की जानकारी थी।
देवेन्द्र का साथी संजय भी परिवार का परिचित बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने इसी जानकारी का फायदा उठाकर लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने करीब एक महीने पहले वारदात की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए अन्य साथियों को भी योजना में शामिल किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र (33), संजय रावत (34), रविकान्त उर्फ रवि (40), अमित (26), तारू (39) और देवा उर्फ देवेन्द्र सिंह रावत (20) शामिल हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि लूटे गए जेवर कहां रखे गए हैं और वारदात में शामिल अन्य आरोपी कहां छिपे हैं। फिलहाल पुलिस का मुख्य ध्यान करीब तीन करोड़ रुपये के आभूषणों की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर है। लूटे गए जेवरों की बरामदगी की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

