बिलासपुर। CG CRIME NEWS : जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में स्थानीय बिदर त्योहार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने करीब 14 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के वार्ड नंबर 19 स्थित जनक पहरी पारा का है, जहां रविवार रात बिदर त्योहार मनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने व्यासनारायण राठौर, उनके बड़े बेटे रवि कुमार राठौर और छोटे बेटे शैलेश कुमार राठौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने शैलेश कुमार राठौर को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं व्यासनारायण राठौर और रवि कुमार राठौर का इलाज जारी है और दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार को पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसडीओपी सुदीप सरकार और मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दूसरे पक्ष के लोगों समेत करीब 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे विवाद की वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय पर्व के बीच हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


