राजनांदगांव। CG NEWS : शहर के गोल बाजार स्थित चिकन मटन मछली मार्केट पर प्रशासन के द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की गई। आज सुबह लगभग 3:00 बजे प्रशासनिक टीम यहां पहुंची और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई। गोल बाजार से इस मटन मार्केट को हटाने के लिए राजगामी संपदा न्यास के द्वारा तहसीलदार के माध्यम से पहले ही नोटिस जारी किया गया था ।
शहर के गौरी नगर क्षेत्र में गौ हत्या का मामला सामने आने के बाद गोल बाजार स्थित चिकन-मटन- मछली मार्केट को हटाए जाने की मांग हिंदू संगठन और सर्व समाज के द्वारा रैली प्रदर्शन के माध्यम से मांग की गई थी, इसके लिए कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया था। सोमवार तड़के प्रशासन के द्वारा इस पर कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए मटन,चिकन- मछली मार्केट को तोड़ दिया।


इधर मटन मार्केट तोड़े जाने के बाद विक्रेताओं ने शहर के गुड़ाखु लाइन के बीच सड़क पर ही दुकान लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। यहां के विक्रेताओं का कहना है कि वह अपनी तीन पीढ़ियों से लगभग 120 साल से यहां पर व्यवसाय कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें यही व्यवसाय करने दिया जाए।
मटन मार्केट तोड़़े जाने के दौरान पुलिस का कड़ा पहरा लगा रहा। मटन मार्केट के भीतर जाने वाले सभी छह रास्तों को बैरिकेडिंग और पुलिस बल लगाकर बंद कर दिया गया था। तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन को स्थानीय विक्रेताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा।



