रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। इस बार खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बल प्रयोग करने, कानून-व्यवस्था भंग करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए सुरक्षा घेरों को तोड़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके। इस घटना में पुलिसकर्मियों को चोटें आने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर तैनात किए गए।
पुलिस का कहना है कि पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जिन लोगों की पहचान की जा रही है, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य आरोपियों के नाम भी एफआईआर में जोड़े जा सकते हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुए इस राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखा टकराव देखने को मिला था। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया था। घटना के बाद दोनों दल एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने और माहौल बिगाड़ने के आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

