आरंग। CG NEWS: आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेन्द्र पंडित पिता सुदीश पंडित (43 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहार के सिवान जिले का निवासी था।
जानकारी के अनुसार राजेन्द्र पंडित ट्रक क्रमांक CG 06 HA 4071 का चालक था। उसने सोमवार को अपने ट्रक को सर्विसिंग एवं मरम्मत के लिए पारागांव स्थित प्रीत मोटर्स वर्कशॉप में खड़ा किया था। इसी दौरान मंगलवार रात एक अन्य ट्रक टैंकर क्रमांक GJ 02 ZZ 1826 भी मरम्मत कार्य के लिए वर्कशॉप के बाहर खड़ा किया गया था।

बताया जा रहा है कि रात में राजेन्द्र पंडित टैंकर के नीचे सो गया था। बुधवार सुबह टैंकर चालक ने वाहन को आगे बढ़ाया। इसी दौरान टैंकर के पहियों की चपेट में राजेन्द्र पंडित आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


