राजनांदगांव। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से आस्था के नाम पर लाखों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने सिहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी दिनेश साहू हर साल अपने गांव में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है। इसी भरोसे में भोलेनाथ सेवा समिति ने उससे संपर्क किया था। समिति का आरोप है कि दिनेश साहू ने 8 मई से 14 मई 2026 तक कथा कराने का भरोसा देकर दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपये नगद लिए। इसमें पहली किश्त 5 लाख और दूसरी 16 लाख रुपये बताई गई है।


समिति के सदस्यों का कहना है कि रकम लेने के बाद कथा आयोजन की तैयारियां भी शुरू कर दी गईं। पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए। लेकिन बाद में पता चला कि उन्हीं तारीखों में पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में पहले से तय है। इसके बाद समिति को शक हुआ और मामले की जांच शुरू की गई।
सच्चाई जानने के लिए समिति के सदस्य मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम पहुंचे। वहां कथित तौर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यालय से जानकारी मिली कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए कोई बुकिंग या राशि जमा नहीं की गई है। यह सुनते ही समिति के होश उड़ गए।
आरोप है कि जब समिति ने दिनेश साहू से पैसे वापस मांगे तो वह लगातार आश्वासन देता रहा, लेकिन रकम नहीं लौटाई। इसके बाद समिति ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी मानकर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने और किन लोगों को इस तरह से ठगी का शिकार बनाया है।


