धमतरी । CG NEWS: धमतरी शहर के सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला वार्ड में दूषित पेयजल की शिकायत को लेकर वार्डवासियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और आयुक्त से मुलाकात कर समस्या के जल्द निराकरण की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि पिछले डेढ़ महीने से उनके घरों में मटमैला पानी पहुंच रहा है। प्रदर्शनकारी अपने साथ सप्लाई हो रहे पानी की बोतल भी लेकर पहुंचे और पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। महापौर रामू रोहरा के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने उनकी तस्वीर के पास गंदे पानी की बोतल रखकर अपनी समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया।


प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त प्रवीण सार्वा ने लोगों से बातचीत कर ज्ञापन लेने का प्रयास किया। हालांकि, वार्डवासी आयुक्त से सीधे मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए निगम कार्यालय के भीतर पहुंचे, जहां आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के सामने पेयजल समस्या से जुड़ी शिकायतें रखीं।
वार्डवासियों और कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि दूषित पानी की समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने पाइपलाइन की जांच, आवश्यक सुधार और नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही जल विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही।
आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने प्रदर्शनकारियों की शिकायतें सुनीं और समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। अब निगम की ओर से पाइपलाइन की जांच और पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर वार्डवासियों की नजर रहेगी।


