गरियाबंद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मैनपुर थाना क्षेत्र के कामेपुर गांव में एक पिता ने अपनी ही 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू से हमला कर दिया और इसके बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।
बताया जा रहा है कि यह घटना घर के आंगन में उस समय हुई, जब परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आरोपी महेंद्र नेताम (36 वर्ष) ने पास में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से बेटी की गर्दन पर वार किया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह बीच-बचाव किया। इस हमले में बच्ची की गर्दन के ऊपरी हिस्से में चोट आई।
इसके बाद महेंद्र ने खुद के गले पर भी चाकू से वार करने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर चाकू छीन लिया और दोनों को जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टर हरीश चौहान ने बताया कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और उसके घाव ज्यादा गहरे नहीं हैं। वहीं, पिता के गले में गहरा जख्म होने के कारण उसे ज्यादा खून बहा, इसलिए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, महेंद्र की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, और संभवतः इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

