सक्ती । CG NEWS: सक्ती शासकीय कन्या शाला हसौद के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई । किशोरी द्वारा टावर से छलांग लगाने की बात कहे जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई । घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और डायल 112 की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
डायल 112 की टीम ने समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारा

डायल 112 में तैनात घनश्याम पांडे, कमलेश धरिया और संजय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। टीम ने काफी देर तक किशोरी से बातचीत कर उसे समझाने और नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद लगातार समझाइश और बातचीत से किशोरी नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद उसे सुरक्षित मोबाइल टावर से नीचे उतार लिया गया।
प्रेम संबंध से जुड़े विवाद की चर्चा, पुलिस ने दी समझाइश
किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ करते हुए समझाइश दी। बताया जा रहा है कि किशोरी जिले के ग्राम करही की रहने वाली है और वर्तमान में हसौद में अपने मामा के यहां रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम संबंध से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने किशोरी को भविष्य में इस तरह का जोखिम भरा कदम नहीं उठाने की समझाइश दी। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही और किशोरी के सुरक्षित नीचे आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।


