अभनपुर/गोबरा नवापारा। CG NEWS: गोबरा नवापारा पुलिस ने संदिग्ध कबाड़ और लोहे के स्क्रैप से लदा एक टाटा वाहन जब्त किया है। जांच के दौरान चालक सामान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त वाहन और उसमें लदे स्क्रैप की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये है। पुलिस सामान के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक सोमन लाल सिन्हा और आरक्षक क्रमांक 2813 मनोज सिंह पेट्रोलिंग के लिए नगर भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नवापारा के गंज रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास टाटा वाहन क्रमांक CG 19 BP 0264 में कबाड़ और स्क्रैप लदा है तथा चालक किसी का इंतजार कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की। चालक ने अपना नाम ईशाक रिजवी, पिता इकबाल रिजवी, उम्र 25 वर्ष, निवासी शीतलापारा, वार्ड क्रमांक 21, नवापारा, जिला रायपुर बताया।
दस्तावेज मांगने पर नहीं दिखा सका बिल
वाहन की जांच में पुराना लोहे का कबाड़ और स्क्रैप मिला। पुलिस ने सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए चालक को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि उसने वाहन मालिक के कहने पर सरकारी अस्पताल के सामने स्थित कबाड़ी दुकान से पुराना लोहा और स्क्रैप लोड किया था। वह सामान लेकर रायपुर जाने वाला था और गंज रोड पर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था। चालक के मुताबिक, लदे सामान का कोई बिल उसके पास नहीं था।
6,370 किलोग्राम स्क्रैप सहित वाहन जब्त
वैध दस्तावेज नहीं मिलने और संपत्ति के चोरी अथवा किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष वाहन और उसमें लदा स्क्रैप जब्त कर लिया।
जब्त स्क्रैप का वजन 6,370 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 90 हजार रुपये है। वहीं, टाटा वाहन का वजन 5,510 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार वाहन सहित जब्त संपत्ति का कुल वजन 11,880 किलोग्राम और कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये है।
जब्त वाहन और सामान को थाना गोबरा नवापारा लाकर मालखाने में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस संपत्ति के वास्तविक स्वामी और उसके स्रोत की पतासाजी कर रही है। प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर, नवा रायपुर के दिशा-निर्देश और थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोमन लाल सिन्हा और आरक्षक मनोज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


