धमतरी। CG NEWS : जिले के नगरी क्षेत्र में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के जिला स्तरीय शिविर के तुरंत बाद सामने आए इस फेरबदल में नगरी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब नगरी की प्रशासनिक व्यवस्था में नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे।
जारी आदेश के मुताबिक, डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम को नगरी अनुविभाग का नया अनुविभागीय अधिकारी (SDM) नियुक्त किया गया है। वे प्रीति दुर्गम की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। इस बदलाव के साथ नगरी अनुविभाग के प्रशासनिक कामकाज की कमान अब मनोज मरकाम के हाथों में होगी।
वहीं, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारद राम मांझी के स्थान पर ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त विमल कुमार साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ जनपद पंचायत नगरी के CEO का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

आपको बता दें कि नगरी में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के जिला स्तरीय शिविर में अव्यवस्थाओं की चर्चा और उसके तुरंत बाद प्रशासनिक जिम्मेदारियों में हुए बदलाव ने स्थानीय स्तर पर कई चर्चा हैं। हालांकि, प्रशासनिक फेरबदल को शिविर की अव्यवस्थाओं से जोड़ने संबंधी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह बदलाव सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है या इसके पीछे अन्य प्रशासनिक कारण भी हैं।
बताया जा रहा है कि इधर, सेवा संकल्प अभियान के जिला स्तरीय शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों की कथित नाराजगी का मामला भी चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मंच से नीचे उतरने के लिए कहा गया था। इस घटनाक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों में नाराजगी की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुछ जनप्रतिनिधि मंच के सामने खाली स्थान पर जमीन पर बैठ गए थे। इस घटनाक्रम के चलते कुछ समय के लिए कार्यक्रम रोके जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सेवा संकल्प शिविर के दौरान सामने आई कथित अव्यवस्थाओं और उसके तुरंत बाद हुए प्रशासनिक फेरबदल को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
हालांकि, दोनों घटनाक्रमों के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में प्रशासनिक बदलाव को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाए या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
फिलहाल, आदेश के तहत नगरी SDM और जनपद पंचायत CEO के प्रभार में बदलाव किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद भोजराज नाग ने जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के संबंध में प्रेसवार्ता में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जो भी चूक हुई है, उसे सुधारने के लिए वे कलेक्टर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। साथ ही, संबंधित विषय पर बातचीत कर स्थिति में सुधार लाने की बात कही।



