रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से बारिश का सिलसिला जारी है। बंगाल की खाड़ी से बने मौसम तंत्र के कारण राज्य के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है।
राज्य में फिलहाल कुल मौसमी बारिश सामान्य के करीब बनी हुई है। सामान्य आंकड़े से इसमें करीब 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।

मौसम तंत्र के चलते बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और उसके आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक मौजूद है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
मौसम तंत्र की इस गतिविधि का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ रहा है। इसके चलते आने वाले एक दिन तक प्रदेश में कई जगह बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ समय के अंतराल पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने रायपुर में दिन का तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
सुबह इन 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
बड़े बचेली में जमकर बरसे बादल
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा पानी बड़े बचेली में 17 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद ओडगी में 12 सेंटीमीटर और राजिम में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेंटीमीटर पानी गिरा।
इसके अलावा बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भैसमा, करतला, उसूर, माना-रायपुर एपी, भैरमगढ़, बोदरी, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
तमनार, रायपुर शहर, आरंग, लैलूंगा, छिंदगढ़, बलौदाबाजार, लाभांडी, बलौदा, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।
दुर्ग में सबसे ज्यादा तापमान
मंगलवार को प्रदेश में तापमान की बात करें तो दुर्ग में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसम तंत्र के असर से अगले 24 घंटे प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।


