गरियाबंद। CG NEWS: जिले में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विकासखंड मुख्यालय छुरा और देवभोग में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छुरा के शासकीय आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं देवभोग के स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
कलेक्टर बीएस उइके ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जनगणना को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया विकास योजनाओं की नींव तय करती है, इसलिए प्रत्येक जानकारी को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान यदि किसी विषय में संदेह हो तो उसे तत्काल स्पष्ट करें, ताकि फील्ड में किसी प्रकार की समस्या न आए।


प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल उपकरणों के माध्यम से डेटा एंट्री का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रगणक आधुनिक तकनीक के साथ बेहतर तालमेल बिठा सकें। साथ ही मकान सूचीकरण एवं आवासीय सर्वे की प्रक्रिया, भवन पहचान, सुविधाओं का विवरण और परिवार की जानकारी दर्ज करने के तरीके भी समझाए गए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान नागरिकों से शिष्टाचारपूर्वक संवाद करें और उनकी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सर्वोपरि है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, एसडीएम रामसिंह सोरी, एसडीएम अंजली खलखों, तहसीलदार मयंक अग्रवाल, नायब तहसीलदार डोनेश साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
hed lin de


