जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक की शर्मनाक हरकत सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला पामगढ़ विकासखंड के ग्राम डोंगाकोहरौद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है, जहां प्रधान पाठक पर छात्राओं के सामने अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। घटना के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल में चौथी और पांचवीं कक्षा की पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान कुछ बच्चे शैक्षणिक कार्य से प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक के कमरे में पहुंचे। आरोप है कि बच्चों ने प्रधान पाठक को अर्धनग्न अवस्था में देखा। बच्चों का कहना है कि आरोपी ने उनके सामने पेशाब किया और कुछ छात्राओं को अपने पास बुलाकर अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
घटना की जानकारी बच्चों ने अपने परिजनों और अन्य शिक्षकों को दी। मामला सामने आते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधान पाठक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चों, शिक्षकों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग भी मामले की अलग से जांच कर रहा है और विभागीय कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
पुलिस ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

