महासमुंद । CRIME NEWS: महासमुंद जिले में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की लगातार बड़ी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पिथौरा और सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 48 लीटर देशी प्लेन शराब और 5 लाख 61 हजार 520 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पिथौरा थाना क्षेत्र के रानीसागर पारा में पुलिस ने संतोष यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी की कार से 35 लीटर से ज्यादा देशी शराब बरामद की गई। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है। वाहन मालिक कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

वहीं महासमुंद शहर के छिपीयापारा और अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से करीब 13 लीटर शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक अभियान शुरू होने से अब तक जिले में 15 लाख 69 हजार रुपये से ज्यादा कीमत की 6122 लीटर से अधिक शराब जब्त की जा चुकी है, जबकि 476 मामलों में 535 लोगों पर कार्रवाई की गई है।


