गिरीश गुप्ता गरियाबंद। छुरा थाना क्षेत्र में सुख नदी में बह रहे एक शिक्षक को पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। शिक्षक के लापता होने की रिपोर्ट उनके परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने पतासाजी के दौरान ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, नंदकुमार कंवर पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम सिवनी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। 17 अगस्त 2026 की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक CG 23 6481 से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने स्कूल स्टाफ से संपर्क किया। स्कूल स्टाफ ने उनके स्कूल आने की पुष्टि की, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने छुरा सहित रिश्तेदारों और परिचितों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर नंदकुमार कंवर की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना छुरा में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी पतासाजी शुरू की।
पतासाजी के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुख नदी में बहते हुए नदी के किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना छुरा से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद नदी में बह रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसकी पहचान लापता शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई।
पुलिस ने नंदकुमार कंवर को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंप दिया। समय पर मिली सूचना और पुलिस-ग्रामीणों की तत्परता से शिक्षक की जान बचाई जा सकी।
इस रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, अमित जांगड़े, रूपेंद्र जैन सहित ग्रामीणों की विशेष भूमिका रही।
(The above story first appeared on cgtop36.com on 19 August 2026. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website cgtop36.com).

